Monday, November 16, 2026
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर देहरादून में विचार गोष्ठी, पत्रकारिता में सनसनी के बजाय जिम्मेदारी और विश्वसनीयता पर जोर

जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी की अध्यक्षता में हुआ आयोजन, वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा—तथ्यों की पुष्टि और निष्पक्षता ही पत्रकारिता की असली पहचान

देहरादून। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय परिसर में भारतीय प्रेस परिषद द्वारा निर्धारित विषय ‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’ पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिला सूचना अधिकारी श्रीमती प्रियंका जोशी की अध्यक्षता में आयोजित इस गोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी, समाचारों की प्रमाणिकता, निष्पक्षता तथा डिजिटल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि मौजूदा दौर में खबरों की तेज रफ्तार के बीच पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी ने सभी पत्रकारों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक ने सूचना के प्रसार को बेहद तेज बना दिया है। डिजिटल और सोशल मीडिया के माध्यम से खबरें कुछ ही पलों में लाखों लोगों तक पहुंच रही हैं, लेकिन इसके साथ ही पत्रकारिता की जिम्मेदारी भी पहले से अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि खबर को आकर्षक बनाने के लिए प्रस्तुति महत्वपूर्ण हो सकती है, लेकिन उसकी बुनियाद तथ्यात्मकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता ही होनी चाहिए। पत्रकारिता का उद्देश्य आमजन तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना तथा समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालना होना चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकार वी.डी. शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और विश्वास सबसे महत्वपूर्ण पूंजी हैं। तकनीक के इस दौर में पत्रकारिता को परजीवी प्रवृत्ति से बचाकर स्वतंत्र एवं मौलिक चिंतन को बढ़ावा देना होगा। किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसका तथ्यात्मक विश्लेषण और सत्यापन बेहद जरूरी है।
वरिष्ठ पत्रकार गिरिधर गोपाल लुथरा ने संवेदनशील विषयों पर विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि अपुष्ट और भ्रामक खबरें समाज में नकारात्मक संदेश दे सकती हैं। इसलिए संवेदनशील घटनाओं से जुड़ी खबरों को प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि करना पत्रकारों का महत्वपूर्ण दायित्व है।
वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम चन्द जोशी ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उत्तराखंड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, ऐसे में आपदा और अन्य विपरीत परिस्थितियों के दौरान मीडिया की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। ऐसी घटनाओं में गलत या अपुष्ट सूचनाएं आमजन में भ्रम और भय पैदा कर सकती हैं। इसलिए सही, सटीक और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना पत्रकारिता का मूल धर्म होना चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकार पिताम्बर कुमार ने कहा कि मीडिया को समाज, सरकार और विभिन्न समुदायों के बीच संतुलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। पत्रकारिता केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित के प्रति समर्पित जिम्मेदारी है। मीडिया का काम सरकार और समाज की कमियों को उजागर करने के साथ-साथ सुधार और जनजागरूकता के लिए सकारात्मक पहल करना भी है।
गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार इन्द्रेश कोहली, उमाशंकर कुकरेती, संदीप शर्मा, हिना, सूर्य प्रकाश, जगमोहन मौर्य, अवनीश कुमार, रमन जायसवाल, कुलदीप सिंह, शिवनारायण और राहुल शर्मा सहित अन्य पत्रकारों ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में सूचनाओं की अधिकता और तेजी से प्रसार के बीच पत्रकारिता की साख बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है। इसके लिए खबरों का सत्यापन, भाषा की मर्यादा, सामाजिक संवेदनशीलता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना जरूरी है।
गोष्ठी के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समाचारों का प्रसार करना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, जनसमस्याओं को आवाज देना और शासन-प्रशासन को जनता के प्रति जवाबदेह बनाना भी है। सनसनीखेज खबरों के बजाय तथ्यपरकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता देकर ही मीडिया के प्रति आमजन का विश्वास कायम रखा जा सकता है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार प्रेम पंचौली, अमित नेगी, लक्ष्मी बिष्ट, भुवनेश थपलियाल, सोहनवीर सिंह धीरवान, मुकेश कुमार, मानव डोभाल, आकाश सिंह और जसपाल राणा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। जिला सूचना कार्यालय की ओर से अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र नेगी, कनिष्ठ सहायक इन्द्रेश तथा अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

spot_img
RELATED ARTICLES
spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img