Wednesday, November 11, 2026
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img

देहरादून: उत्तराखंड स्थापना दिवस और अंतरराष्ट्रीय उर्दू दिवस पर सजी अदबी महफिल, मुशायरे में शायरों ने बांधा समां

देहरादून: उत्तराखंड स्थापना दिवस और अंतरराष्ट्रीय उर्दू दिवस पर सजी अदबी महफिल, मुशायरे में शायरों ने बांधा समां

प्रोग्रेसिव कम्युनिटी देहरादून के आयोजन में उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और उर्दू की मिठास का दिखा खूबसूरत संगम, रियाजुल हसन सिद्दीकी की निजामत ने महफिल में बिखेरा रंग

देहरादून। उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस और अंतरराष्ट्रीय उर्दू दिवस के अवसर पर प्रोग्रेसिव कम्युनिटी देहरादून की ओर से एक शानदार मुशायरे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति, आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत झलक देखने को मिली। मुशायरे में मौजूद शायरों ने अपने कलाम के जरिए जहां मोहब्बत, वफा, इंसानियत और अमन का पैगाम दिया, वहीं अपने तीखे और असरदार अशआर से समाज में फैली विसंगतियों पर भी सवाल उठाए।

कार्यक्रम की कामयाब निजामत प्रोग्रेसिव कम्युनिटी के अध्यक्ष डॉ. रियाजुल हसन सिद्दीकी ने अपने खास अंदाज में की। उनकी दिलकश और साहित्यिक अंदाज वाली निजामत ने पूरी महफिल को बांधे रखा। उन्होंने शायरों का परिचय कराने के साथ-साथ उनके कलाम की खूबियों को भी अपने अंदाज में पेश किया, जिससे श्रोताओं में लगातार उत्साह बना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. ए.आर. खान, डायरेक्टर प्रयाग आईएएस एकेडमी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री वैभव वालिया मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में राव नसीम अहमद, एम.एम. खान, डॉ. साजिद जमाल और श्री सैयद कासिम शामिल रहे। सभी अतिथियों की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।

मुशायरे में खुर्शीद अहमद, सुश्री मोनिका मंतशा, ए.एम. इम्तियाज, दीपक अरोड़ा, राही नत्थोरी, शेख दूनवी, डॉ. महाशर तन्हा और दर्द गढ़वाली सहित अनेक शायरों ने अपने कलाम पेश किए। अलग-अलग रंग और मिजाज के शेरों ने श्रोताओं को कभी सोचने पर मजबूर किया तो कभी मोहब्बत और एहसास की दुनिया में पहुंचा दिया।

मुशायरे में पेश किए गए कुछ अशआर ने खास तौर पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। अमन के नाम पर नफरत का कारोबार करने वालों पर तंज कसते हुए एक शायर ने कहा—

“हर रोज़ वह लगाता है जो अमन के नारे,
हम जानते हैं ज़हर का व्यापार करें है।”

इस शेर ने मौजूदा सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों में अमन के नाम पर दोहरे चरित्र अपनाने वालों पर गंभीर सवाल खड़े किए। श्रोताओं ने इस शेर को खूब सराहा।

मोहब्बत में कुर्बानी और बेवफाई के दर्द को बयां करता एक और शेर कुछ यूं था—

“जिसकी खातिर जमाना ठुकराया,
बेवफा वह निकल गया कैसे।”

वहीं किसी को भुलाने की नाकाम कोशिश और दिल में बाकी रह गए एहसास को बयां करते हुए एक शायर ने कहा—

“दिन-रात की है तुझको भूलने की कोशिश,
फिर भी मेरे लबों पे तेरा नाम आ गया।”

इन अशआर ने महफिल में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। श्रोताओं ने तालियों के साथ शायरों की हौसला अफजाई की।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण यह रहा कि उत्तराखंड स्थापना दिवस और अंतरराष्ट्रीय उर्दू दिवस को एक साथ मनाते हुए क्षेत्रीय संस्कृति और उर्दू अदब के आपसी रिश्ते को रेखांकित किया गया। उत्तराखंड की पहचान उसकी बहुभाषी, बहुसांस्कृतिक और सर्वधर्म समभाव की परंपरा से जुड़ी है। ऐसे में उर्दू दिवस के अवसर पर मुशायरे का आयोजन इस बात का संदेश देता है कि भाषा किसी एक समुदाय की जागीर नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और इंसानी रिश्तों को मजबूत करने का माध्यम है।

उर्दू ने हमेशा मोहब्बत, भाईचारे, इंसानियत और सामाजिक एकता की आवाज को मजबूती दी है। वहीं उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत भी आपसी सम्मान, सद्भाव और साझी परंपराओं की मिसाल रही है। कार्यक्रम में दोनों की खूबसूरती एक ही मंच पर देखने को मिली।

मुशायरा की कामयाबी कन्वीनर डॉक्टर रियाज उल हसन सिद्दीकी और मोहतरमा अकीला बेगम के नेतृत्व में सैयद ओवैस अहमद थानवी, अशरफ हाशमी एडवोकेट, सैयद सुहेल समीर एडवोकेट, डॉक्टर जमशेद उस्मानी,एम. एम सिद्दीकी वगैरा का रोल काबिले तारीफ रहा
प्रोग्रेसिव कम्युनिटी देहरादून की ओर से आयोजित यह मुशायरा केवल एक साहित्यिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाषा, संस्कृति और सामाजिक सौहार्द को समर्पित एक यादगार पहल के रूप में सामने आया। शायरों के कलाम और अतिथियों की मौजूदगी ने इस आयोजन को खास बना दिया।

spot_img
RELATED ARTICLES
spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img