कलम की ताकत से ही मजबूत होगा लोकतंत्र, संविधान दिवस पर पत्रकारों ने भरी हुंकार!
संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है: डॉ. उस्मानी
देहरादून। संविधान दिवस के अवसर पर Progressive Journalist Association की ओर से गुरुवार को संगठन के माजरा स्थित कार्यालय में ‘संविधान और पत्रकारों का दायित्व’ विषय पर एक विचार-गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में पत्रकारिता, लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, नागरिक अधिकारों और संविधान की मूल भावना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं टाइम्स विटनेस के प्रधान संपादक अफरोज खान ने की, जबकि संचालन संगठन के सलाहकार अशरफ हाशमी तथा कोषाध्यक्ष एवं दबंग न्यूज़ के संपादक मोहम्मद इकराम अंसारी ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के संरक्षक एवं हिंदी दैनिक गोल्डन टाइम्स के प्रधान संपादक डॉ. जमशेद उस्मानी, सैयद अरमान, डॉ. बिलाल अंसारी, दैनिक सदा ए हुजैफा के संपादक आसिफ हुसैन तथा दैनिक मरकज-ए-खबर के संपादक अशरफ जमाल सहित अन्य पत्रकारों ने अपने विचार व्यक्त किए।
एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. जमशेद उस्मानी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया है। पत्रकारिता का दायित्व है कि वह इन संवैधानिक मूल्यों को समाज तक पहुंचाए और जहां कहीं भी नागरिक अधिकारों का हनन हो, वहां जनहित के मुद्दों को जिम्मेदारी के साथ सामने लाए।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को सत्ता और विपक्ष के राजनीतिक विमर्श से ऊपर उठकर आम आदमी की समस्याओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों को प्राथमिकता देनी चाहिए। एक जिम्मेदार पत्रकार वही है जो तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखे और समाज में जागरूकता पैदा करे।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जवाबदेही भी जरूरी: अफरोज खान
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अफरोज खान ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लोकतंत्र की महत्वपूर्ण पहचान है। पत्रकारों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। समाचारों में निष्पक्षता, तथ्यों की पुष्टि और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। पत्रकारिता का उद्देश्य किसी के पक्ष या विपक्ष में माहौल बनाना नहीं, बल्कि सच्चाई को सामने लाना होना चाहिए।
एसोसिएशन के सलाहकार अशरफ हाशमी ने कहा कि पत्रकार समाज और व्यवस्था के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी लेखनी और रिपोर्टिंग का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। इसलिए पत्रकारों को किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें अधिकार दिए हैं, लेकिन उन अधिकारों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियां भी जुड़ी हुई हैं।
एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं दबंग न्यूज़ के संपादक मोहम्मद इकराम अंसारी ने कहा कि संविधान दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं होना चाहिए, बल्कि संविधान में निहित आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारने का संकल्प होना चाहिए। पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों की आवाज बनें तथा उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं।
दैनिक सदा ए हुजैफा के संपादक आसिफ हुसैन ने अपने विचार रखते हुए कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को सही जानकारी देना और जनहित के सवालों को सामने लाना है। आज के दौर में खबरों की तेजी के साथ उनकी विश्वसनीयता बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। पत्रकारों को किसी भी प्रकार के दबाव से प्रभावित हुए बिना अपनी पेशेवर नैतिकता और निष्पक्षता बनाए रखनी चाहिए।
दैनिक मरकज-ए-खबर के संपादक अशरफ जमाल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता जनता की समस्याओं को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का माध्यम है। इसलिए पत्रकारों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए ऐसी पत्रकारिता करनी चाहिए, जो लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने और नागरिकों को जागरूक बनाने में सहायक हो।
कार्यक्रम में सैयद अरमान और डॉ. बिलाल अंसारी ने भी संविधान के मूल सिद्धांतों, सामाजिक समानता, नागरिक अधिकारों तथा पत्रकारिता की भूमिका पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए निष्पक्षता, तथ्यपरकता और जिम्मेदारी को अपनी कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा।
गोष्ठी में यह विचार प्रमुखता से उभरकर सामने आया कि संविधान ने पत्रकारों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के माध्यम से अपनी बात रखने का अवसर दिया है, लेकिन इस स्वतंत्रता का उपयोग समाज और राष्ट्र के व्यापक हित में होना चाहिए। पत्रकारिता का वास्तविक उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना, जनता की आवाज को मंच देना और संवैधानिक मूल्यों के प्रति समाज में जागरूकता पैदा करना है।
कार्यक्रम का समापन संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने के संकल्प के साथ हुआ।






