अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कलियर में कांग्रेस की न्याय यात्रा
हरक सिंह रावत और हाजी फुरकान अहमद ने उठाई आवाज
गोल्डन टाइम्स
पिरान कलियर। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस ने पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में न्याय यात्रा निकालकर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और कलियर विधायक हाजी फुरकान अहमद के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
न्याय यात्रा की शुरुआत रहमतपुर रोड स्थित ग्रीन ब्यूटी पैलेस से हुई। यहां से कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए रहमतपुर और बेडपुर रोड के रास्ते विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत अलाउद्दीन अहमद साबिर पाक पहुंचे। दरगाह परिसर में देश में अमन-चैन, प्रदेश की खुशहाली और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए दुआ की गई।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस अन्याय के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी। भाजपा सरकार जनता के सवालों से बच नहीं सकती और सरकार को हर सवाल का जवाब देना होगा।
हरक सिंह रावत ने कहा कि वह पहले भी कई बार कलियर शरीफ की दरगाह पर आ चुके हैं। उन्होंने मां गंगा से भी उत्तराखंड में न्याय की प्रार्थना की थी और आज दरगाह साबिर पाक में प्रदेश में न्याय, अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ करने पहुंचे हैं।
उन्होंने महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। चीनी के दामों में भारी बढ़ोतरी की गई है, किसानों की जमीन बेची जा रही है और उत्तराखंड में खनन के पट्टे गुजरात के लोगों को दिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग उठाने वालों को ईडी के माध्यम से डराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान जनता को गुमराह करने और वोटों का बंटवारा करने की कोशिश की जा सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और सोच-समझकर फैसला लेने की जरूरत है।
वहीं, विधायक हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करने और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री हाजी सईद हसन, जिला महामंत्री ग्रामीण साहिल राणा, महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र चौधरी, प्रदेश महासचिव हाजी राव शेर मोहम्मद, प्रधान नसीम, अकरम प्रधान, सुभाष सैनी, अरविंद प्रधान, कृष्णपुरी, परवेज मलिक, आजम शकील, निक्की राणा, अनुराग धनगर, पवन धनगर, मनोज धनगर, रूप चौधरी, अभिषेक धनगर, जगपाल, राव अफजल, आरिफ प्रधान, इरशाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।






